सीकर. श्री कल्याण धाम, सीकर में धर्मगुरु सनातन रत्न महंत विष्णु प्रसाद शर्मा के सानिध्य में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव की अनूठी एवं दिव्य बारात का आयोजन किया जाएगा। मंदिर व्यवस्थापक रवि प्...
सीकर. श्री कल्याण धाम, सीकर में धर्मगुरु सनातन रत्न महंत विष्णु प्रसाद शर्मा के सानिध्य में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव की अनूठी एवं दिव्य बारात का आयोजन किया जाएगा। मंदिर व्यवस्थापक रवि प्रसाद शर्मा ने बताया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में चार दिवसीय विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम होंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत 12 फरवरी से 11 लाख पंचाक्षरी मंत्र जाप का शुभारंभ किया जाएगा, जिसे महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव को अर्पित किया जाएगा। 14 फरवरी 2026 को सायंकाल 7 बजे भगवान शिव की महाआरती का आयोजन होगा। वहीं 15 फरवरी को प्रातः 8:15 बजे महाआरती, 8:30 बजे पंचाक्षरी जाप समर्पण तथा 9:15 बजे महात्यागी बाबा संत श्री रामचंद्र दास जी महाराज का समाधि पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे से रुद्राभिषेक संपन्न होगा।
सायंकाल 5 बजे भगवान शिव की भव्य दिव्य बारात श्री कल्याण धाम से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः कल्याण धाम पहुंचेगी। इस अनूठी शिव बारात में बाहुबली भगवान नृसिंह, भगवान शिव, हनुमान जी महाराज की विशेष सजीव झांकियां एवं भगवान शिव के अघोरियों के विशेष ग्रुप आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
बारात के समापन पर वरमाला का भव्य आयोजन तथा भगवान शिव की महाआरती की जाएगी। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।