सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

शक्ति दिवस पर अनीमिया के खिलाफ अभियान : चिकित्सा, शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर खून की कमी दूर करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित

सीकर | 21-Jan-2026 09:02 AM | 385 |
सीकर
चिकित्सा, शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर खून की कमी दूर करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित

सीकर. राज्य सरकार के अनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान के अंतर्गत जिलेभर में शक्ति दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर चिकित्सा संस्थानों, शिक्षण संस्थाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती व धात्री महिलाओं सहित अन्य लाभार्थियों की खून की कमी (अनीमिया) की जांच की गई तथा आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) की खुराक वितरित की गई। अभियान का उद्देश्य स्वस्थ राजस्थान की परिकल्पना को साकार करना और बच्चों व महिलाओं को अनीमिया से मुक्त करना है।

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं शिक्षण संस्थाओं में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा नियमित रूप से स्क्रीनिंग की जाती है। शक्ति दिवस के तहत बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आयरन फोलिक एसिड की गोलियां तथा छोटे बच्चों को आयरन सिरप पिलाया गया। प्रत्येक मंगलवार को जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों, राजकीय विद्यालयों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, सीएचसी, पीएचसी, उप जिला अस्पताल व जिला अस्पतालों में शक्ति दिवस मनाया जाता है।

 

अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हर्षल चौधरी ने बताया कि 6 माह से 59 माह तक के बच्चों, 5 से 9 वर्ष तक के विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों, 10 से 19 वर्ष की किशोरी बालिकाओं, 20 से 24 वर्ष की विवाहित महिलाओं, गर्भवती व धात्री माताओं की लक्षणों के आधार पर जांच की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा सहयोगिनियों द्वारा आयरन की गोलियां वितरित की गईं। वहीं कक्षा 5 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को राजकीय विद्यालयों में आईएफए की खुराक दी गई।

 

स्वास्थ्य विभाग के इस सतत प्रयास से जिले में अनीमिया की रोकथाम को मजबूती मिल रही है और “अनीमिया मुक्त राजस्थान, खुशियों भरा होगा बच्चों का जहां” के लक्ष्य की ओर ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.