सीकर. जनगणना-2027 के तहत जिले में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को जिला परिषद सभागार में समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के 27 चार्ज अधिकारियों को प्रथम चरण ...
सीकर. जनगणना-2027 के तहत जिले में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को जिला परिषद सभागार में समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के 27 चार्ज अधिकारियों को प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग’ की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
मास्टर ट्रेनर महेश कुमार एवं सुभाष यादव ने प्रश्नोत्तरी और क्रॉस प्रश्नों के माध्यम से अधिकारियों को विषय की बारीकियों से अवगत कराया। अधिकारियों को बताया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सुपरवाइजर एवं प्रगणकों की नियुक्ति सुनिश्चित करेंगे। जिले में कुल 4500 प्रगणक और 750 सुपरवाइजर नियुक्त किए जाएंगे।
प्रशिक्षण में डिजिटल स्वगणना पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे आमजन को CMMS पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित करें, ताकि बार-बार घर-घर जाकर जानकारी लेने की आवश्यकता कम हो और प्रक्रिया सरल बने।
समापन सत्र में जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मुकुल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि हाउस विजिट के दौरान समय प्रबंधन और संयम बेहद आवश्यक है। किसी भी प्रकार की उकसावे की स्थिति में धैर्य बनाए रखें और सभी प्रश्नों के उत्तर शुद्ध एवं पूर्ण रूप से दर्ज करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना भविष्य की नीतियों का आधार बनेगी, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदेह की स्थिति में उच्चाधिकारियों से तुरंत मार्गदर्शन लेने के निर्देश भी दिए गए। उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा ने प्रशिक्षण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. चंद्रप्रकाश महर्षि ने किया।