फतेहपुर/सीकर. परिवहन विभाग एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सड़क सुरक्षा ...
फतेहपुर/सीकर. परिवहन विभाग एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को सड़क सुरक्षा जन जागृति यात्रा के तहत कस्बे के आर्यभट्ट स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान परिवहन निरीक्षक हनुमान राम एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी शाहिद अली ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि वाहन चलाते समय नियमों की अनदेखी करना दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बनता है। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाना चाहिए तथा सड़क पर लगे संकेतक, दिशा-निर्देश और ट्रैफिक नियमों का पूर्ण रूप से पालन करना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि सुरक्षित यातायात के नियमों को अपनाकर ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव संभव है।
अधिकारियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा पैदल चलते समय ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने जैसी बातों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही बच्चों को यह संदेश दिया गया कि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक शपथ लेकर सुरक्षित यातायात के नियमों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में इस जागरूकता कार्यक्रम से बच्चों में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर परिवहन निरीक्षक हनुमान राम, सहायक प्रशासनिक अधिकारी शाहिद अली, विद्यालय निदेशक राजपाल सिंह शेखावत, अशोक रणवा, नवरंगलाल, प्यारेलाल, सुरक्षा गार्ड विनोद कुमार, वाहन चालक मोहम्मद शरीफ सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।