सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

पंचायत मुख्यालय बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन : उपखंड अधिकारी व जिला कलेक्टर कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन

सीकर | 13-Jan-2026 08:35 AM | 385 |
सीकर
उपखंड अधिकारी व जिला कलेक्टर कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर/सीकर. फतेहपुर शेखावाटी उपखंड के ग्राम चुवास को पंचायत मुख्यालय बनाए जाने के आश्वासन के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी को लेकर सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी फतेहपुर एवं जिला कलेक्टर सीकर के कार्यालय पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।

 

ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में ग्राम चुवास को पंचायत मुख्यालय बनाने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं के लिए दूर-दराज के गांवों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व महेश चोटिया, श्रीचंद गोदारा, रतनसिंह शेखावत, मूलचंद जांगिड़, रामदेव सिंह टाकरिया, हरचंद चीनीयां और राजेन्द्र बेनीवाल ने किया। इस दौरान सत्यनारायण रोलण, मुरलीधर चोटिया, रामवतार चोटिया, संदीप बेनीवाल, प्रेम नायक, महावीर गोदारा, जगदीश स्वामी, डूंगाराम गोदारा, रिछपाल चोटिया, पोखसिंह गोदारा, शिवपाल सारण, बिजेंद्र टाकरिया, अमरसिंह बिजारणियां, नेमीचंद सारण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ग्राम चुवास को पंचायत मुख्यालय का दर्जा नहीं दिया गया तो वे आगामी चुनावों में मतदान का बहिष्कार करने पर मजबूर होंगे। ग्राम चुवास के प्रवक्ता राजेंद्र बेनीवाल ने बताया कि जल्द ही परिसीमन कमेटी के अध्यक्ष को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली जाएगी। प्रशासन द्वारा ज्ञापन स्वीकार किए जाने के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण रूप से समाप्त किया गया, लेकिन ग्रामीणों ने भविष्य में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.