सीकर. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी पहुंचीं, जहां उन्होंने लखदातार बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धा भाव से शीश नवाया। मंदिर पहुंचते ही मुख...
सीकर. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी पहुंचीं, जहां उन्होंने लखदातार बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धा भाव से शीश नवाया। मंदिर पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा बाबा श्याम की चौखट पर माथा टेककर देश में सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री के दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का श्याम दुपट्टा ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। मंदिर कमेटी की ओर से उन्हें बाबा श्याम के प्रति आस्था के लिए धन्यवाद दिया गया। मुख्यमंत्री का यह दौरा दो दिवसीय धार्मिक यात्रा का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत वे राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रही हैं।
खाटूधाम पहुंचने से पूर्व मुख्यमंत्री ने फतेहपुर स्थित रानी शक्ति माता मंदिर तथा सालासर में बालाजी महाराज के दर्शन किए। इसके पश्चात वे खाटूश्यामजी पहुंचीं। खाटूधाम प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सेठ सांवरा धर्मशाला में रात्रि विश्राम करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शनिवार सुबह मेहंदीपुर बालाजी के लिए प्रस्थान करेंगी।
मुख्यमंत्री को जेड प्लस सुरक्षा प्रदान की गई है, जिसके चलते प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। उनके दौरे को लेकर खाटूधाम सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इससे पूर्व सीकर पहुंचने पर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत ने मुख्यमंत्री की अगवानी की।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार बाटड़, नेता गजानंद कुमावत, पवन पुजारी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस धार्मिक दौरे को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।