फतेहपुर/सीकर. राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में पंचायतों के परिसीमन एवं पुनर्गठन के बाद फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की रोसावा ग्राम पंचायत से जुड़े दीनारपुरा गांव के ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। इसे ले...
फतेहपुर/सीकर. राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में पंचायतों के परिसीमन एवं पुनर्गठन के बाद फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की रोसावा ग्राम पंचायत से जुड़े दीनारपुरा गांव के ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। इसे लेकर दीनारपुरा गांव के ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि दीनारपुरा गांव लंबे समय से रोसावा ग्राम पंचायत के अंतर्गत रहा है। पूर्व में किए गए परिसीमन में दीनारपुरा को ग्राम पंचायत का मुख्यालय भी बनाया गया था। इससे गांव का प्रशासनिक महत्व बढ़ा और ग्रामीणों को सुविधाएं सुलभ हुईं। लेकिन हाल ही में हुए पुनर्गठन में दीनारपुरा ग्राम को रोसावा से अलग कर ठीठावता पीरान ग्राम पंचायत में शामिल कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में रोष है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस बदलाव से उन्हें पंचायत कार्यों, विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसी कारण दीनारपुरा ग्राम को पुनः रोसावा ग्राम पंचायत में शामिल किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान सीकर सांसद अमराराम सहित हरिराम गोदारा, भवानी सिंह, अशोक, महेश, विजयपाल, भंवरलाल, दलीप, संदीप, मनोज, अर्जुन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।