सीकर. बाल अधिकारों के संरक्षण एवं कानूनी जागरूकता के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर की ओर से बाल दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास कु...
सीकर. बाल अधिकारों के संरक्षण एवं कानूनी जागरूकता के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर की ओर से बाल दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास कुमार स्वामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय परिसर से प्रारम्भ होकर कल्याण सर्किल, कल्याण अस्पताल मार्ग से होती हुई श्री कल्याण राजकीय विद्यालय के खेल मैदान तक पहुँची। रैली में शामिल स्कूली बच्चों ने हाथों में रंग-बिरंगे बैनर एवं पोस्टर थामकर बाल अधिकारों की रक्षा करो, शिक्षा सबका अधिकार जैसे नारे लगाते हुए आमजन को बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वामी ने कहा कि बाल दिवस का वास्तविक अर्थ बच्चों को खुशियां देना ही नहीं, बल्कि उनके अधिकारों की सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने आम नागरिकों से बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने तथा उन्हें किसी भी प्रकार के शोषण से बचाने की अपील की।
रैली में अनेक शिक्षक, अभिभावक तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सक्रिय रूप से सहभागी रहे। रैली का समापन श्री कल्याण स्कूल के खेल मैदान में हुआ।