सीकर. सीकर जिले के लिए गर्व का विषय बनते हुए एसके अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुखचैन का चयन प्रतिष्ठित इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियन (FICP) फैलोशिप उपाधि के लिए किया गया है। इस सम्मान के लिए पू...
सीकर. सीकर जिले के लिए गर्व का विषय बनते हुए एसके अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुखचैन का चयन प्रतिष्ठित इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियन (FICP) फैलोशिप उपाधि के लिए किया गया है। इस सम्मान के लिए पूरे राजस्थान से केवल 12 डॉक्टरों का चयन हुआ है, जिनमें सीकर जिले से डॉ. सुखचैन एकमात्र चिकित्सक हैं।
डॉ. सुखचैन का चयन उनके लंबे अनुभव, चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं एवं रिसर्च कार्यों के आधार पर किया गया है। वे पिछले एक दशक से अधिक समय से सीकर के एसके अस्पताल में फिजिशियन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और हजारों मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण योगदान निभा चुके हैं। उनकी कार्यशैली, सटीक निदान और मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के कारण उन्हें चिकित्सकीय जगत में विशेष पहचान प्राप्त है।
बताया गया है कि FICP फैलोशिप के लिए देशभर से लाखों डॉक्टर आवेदन करते हैं। इसके बाद विशेषज्ञ समिति द्वारा कठोर स्क्रूटनी प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसमें चयन केवल उत्कृष्ट अनुभव, शोध कार्य, अकादमिक योगदान और पेशेवर उपलब्धियों के आधार पर किया जाता है। इस कड़ी प्रक्रिया में चयनित होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
डॉ. सुखचैन को यह प्रतिष्ठित उपाधि पटना में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान की जाएगी, जहां देशभर के चयनित चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी।
अपनी उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. सुखचैन ने युवा डॉक्टरों को संदेश दिया कि मरीजों का समर्पण भाव से इलाज करने के साथ-साथ रिसर्च कार्य को भी निरंतर जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल साइंस एक अंतहीन प्रक्रिया है, जिसमें नई-नई जानकारियां और तकनीकें लगातार जुड़ती रहती हैं। ऐसे में चिकित्सकों के लिए जरूरी है कि वे सेमिनार, वर्कशॉप और मेडिकल कॉन्फ्रेंस में भाग लेकर खुद को समय के अनुसार अपडेट रखें, ताकि मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।