सीकर. राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत महिला अधिकारिता विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (राजीविका) के संयुक्त तत्वावधान में अर्बन हाट, सीकर में पारंपरिक गणगौर उत्सव के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ ...
सीकर. राजस्थान दिवस सप्ताह के अंतर्गत महिला अधिकारिता विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (राजीविका) के संयुक्त तत्वावधान में अर्बन हाट, सीकर में पारंपरिक गणगौर उत्सव के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार, आत्मनिर्भरता एवं सरकारी योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राजेन्द्र कुमार चौधरी ने कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम, लैंगिक भेदभाव समाप्त करने, सुरक्षा उपायों तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, राजीविका की डीपीएम अर्चना मौर्य ने स्वयं सहायता समूहों की भूमिका को रेखांकित करते हुए बताया कि समूह आधारित गतिविधियां महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाती हैं।
सहायक निदेशक (प्रशासनिक सुधार) इन्दिरा शर्मा ने महिलाओं के लिए शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक भागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान खुशी वर्मा ने कौशल विकास प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता एवं गणगौर उत्सव के तहत नृत्य व परिधान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चित्रकला में माया प्रथम, सिद्धि बगड़िया द्वितीय व करिश्मा तृतीय स्थान पर रही। वहीं गणगौर परिधान में प्रमिला प्रथम, अंजली वर्मा द्वितीय, जिया शर्मा एवं रेणुका चौहान तृतीय स्थान पर रहीं।
अंत में विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप शर्मा व सुनीता चौधरी ने किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।