सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शेखावाटी विश्वविद्यालय में विकास कार्यों का किया लोकार्पण : निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

सीकर | 12-May-2026 09:31 PM | 385 |
सीकर
निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

सीकर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

 

राज्यपाल बागडे ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वास्थ्य केंद्र, विद्यार्थी एवं शोधार्थी बॉयज हॉस्टल तथा छात्रसंघ कार्यालय का लोकार्पण किया। साथ ही निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। लोकार्पित कार्यों में 2.42 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित छात्रसंघ भवन, 2.06 करोड़ रुपए का औषधालय भवन, 3.01 करोड़ रुपए का शोध छात्रावास तथा 3.03 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित स्नातकोत्तर छात्रावास शामिल हैं। इस अवसर पर जिला कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत भी उपस्थित रहे।

 

इसके बाद राज्यपाल ने राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) अधिकारियों के साथ बैठक कर विश्वविद्यालय से जुड़े निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं के लिए निर्धारित शेड्यूल तैयार कर नियमित समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।

 

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को नई शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के श्रेष्ठ मानदंड स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का कार्य सितंबर माह तक पूर्ण करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे विश्वविद्यालय को अस्थायी डोम लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और आर्थिक बचत भी होगी।

 

बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार राय, कुलसचिव श्वेता यादव सहित जिला प्रशासन और आरएसआरडीसी के अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.