सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

शेखावाटी उत्सव 2026 का भव्य आगाज : लोक संस्कृति के रंगों से सजा सीकर

सीकर | 24-Jan-2026 11:34 PM | 385 |
सीकर
लोक संस्कृति के रंगों से सजा सीकर

सीकर. शेखावाटी की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को समर्पित शेखावाटी उत्सव 2026 का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। उत्सव की शुरुआत श्री कल्याण स्कूल के खेल मैदान से निकली भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसे जिला कलक्टर मुकुल शर्मा सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर अरबन हाट के लिए रवाना किया।

 

शोभायात्रा देवीपुरा बालाजी मंदिर, बजरंग कांटा और कृषि मंडी होते हुए अरबन हाट पहुंची। मार्ग में सजे-धजे ऊंट-घोड़े, रंग-बिरंगे परिधानों में सजे लोक कलाकार और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया। बीकानेर का श्याम जोशी रोबिले ग्रुप, कच्छी घोड़ी नृत्य, चंग-ढप, चकरी, कालबेलिया, भपंग वादन, कठपुतली नृत्य और बहरूपिया कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ पर्यटन एवं होटल व्यवसाय से जुड़े लोग भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

 

अरबन हाट में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत ऊंट-घोड़ा श्रृंगार प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता में मांगीलाल ने प्रथम, शीशपाल ने द्वितीय और नरपत सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। घोड़ा श्रृंगार प्रतियोगिता में मनोहर लाल प्रथम, अजित सिंह द्वितीय और मांगीलाल तृतीय रहे। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में आशा का झरना के छात्र मनमोहन प्रथम, सुयांश द्वितीय और यमन तृतीय स्थान पर रहे। तीन टांग प्रतियोगिता में विशेष-अयान ने प्रथम, नीरज साहिल ने द्वितीय तथा यमन-मनोज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्सव के पहले दिन की रंगारंग प्रस्तुतियों ने शेखावाटी की लोक विरासत को जीवंत करते हुए दर्शकों को एक यादगार अनुभव प्रदान किया।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.