लोसल/सीकर. राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार–प्रसार हेतु “बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” थीम पर आधारित विकास रथ यात्रा की मोबाइल एलईडी वैन धोद विधानसभा क...
लोसल/सीकर. राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार–प्रसार हेतु “बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” थीम पर आधारित विकास रथ यात्रा की मोबाइल एलईडी वैन धोद विधानसभा क्षेत्र के लोसल कस्बे में पहुंची। इस अवसर पर कस्बे के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं बीते दो वर्षों में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह, अधिशाषी अधिकारी ममता चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में लोगों को योजनाओं से अवगत कराया गया। विधायक गोवर्धन वर्मा ने बताया कि इस मोबाइल वैन के माध्यम से पिछली सरकार के पांच वर्ष की तुलना में वर्तमान सरकार के दो वर्षों में किए गए कार्यों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। यह रथ यात्रा गांव–गांव और गली–मोहल्लों तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में किए गए वादों में से लगभग 70 प्रतिशत वादे पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य धरातल पर हैं। यमुना जल समझौता सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है, जिससे आने वाले समय में धोद विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे सीकर जिले को यमुना जल उपलब्ध हो सकेगा।
विधायक वर्मा ने बताया कि पिछले दो वर्षों में लोसल क्षेत्र में सीएचसी को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करने, उप तहसील को तहसील बनाने, नगर पालिका को डी श्रेणी से सी श्रेणी में उन्नत करने, पशु चिकित्सा केंद्र को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने, धोद मुख्यालय को पंचायत से नगर पालिका में उन्नत करने तथा रसीदपुर प्याज मंडी के क्रमोन्नयन जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में 9 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण एवं 18 करोड़ रुपये की पेयजल योजना से जनता को लाभान्वित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों को आवासीय पट्टे, सरकारी आवास योजना के चेक एवं निर्माण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर भाजपा नेता ओमप्रकाश बिजारणिया, गोविंदराम बिजारणिया, जिला परिषद सदस्य रणवीर सिंह बिजारणियां, पूर्व उप जिला प्रमुख शौभ सिंह अनोखू, भाजपा मंडल अध्यक्ष जोधराज रेगर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।