फतेहपुर/सीकर. जिला सड़क सुरक्षा समिति सीकर द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मियों को उनके उत्कृष्...
फतेहपुर/सीकर. जिला सड़क सुरक्षा समिति सीकर द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हरसावा 108 एंबुलेंस के EMT अशोक ढाका एवं चालक राजकुमार ढाका को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करने के लिए जिला स्तर पर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रोग्राम मैनेजर सुनील बिश्नोई ने बताया कि लक्ष्मणगढ़–फतेहपुर मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रहती है। ऐसे में हरसावा 108 एंबुलेंस के कर्मी अपनी कार्यकुशलता, तत्परता और संवेदनशीलता से घायलों को कम से कम समय में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए नजदीकी अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनकी इसी सेवाभावना और समर्पण को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
समारोह में एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतनलाल स्वामी, जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद, डिप्टी सीएमएचओ हर्षल चौधरी, यातायात प्रभारी कृष्ण धनकड़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने 108 एंबुलेंस कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।