सीकर. शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा आमजन को सुरक्षित, निर्बाध और सुव्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर द्वारा सघन अतिक्रमण निरोधक अभियान चलाया गया। नगर परिषद आयुक...
सीकर. शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा आमजन को सुरक्षित, निर्बाध और सुव्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर द्वारा सघन अतिक्रमण निरोधक अभियान चलाया गया। नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार यह अभियान दुजोद गेट से अग्रसेन सर्किल (राणी सती मंदिर) तक संचालित किया गया, जिसमें अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अतिक्रमण प्रभारी एवं राजस्व अधिकारी प्रमोद सोनी के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ता टीम ने फुटपाथों और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमणों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान रेहड़ी-ठेला संचालकों और दुकानदारों द्वारा फुटपाथों पर किए गए अव्यवस्थित अतिक्रमण को तत्काल हटवाया गया। साथ ही संबंधित व्यक्तियों को मौके पर ही समझाइश दी गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न करें।
प्रवर्तन दस्ता द्वारा स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर परिषद ने यह भी दोहराया कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा, बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण न करें और प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए एक सुव्यवस्थित सीकर के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।