सीकर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 एवं आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद सीकर द्वारा शहर के निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में र...
सीकर. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 एवं आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद सीकर द्वारा शहर के निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को जयपुर रोड स्थित सब्जी मंडी तथा जगमाल पुरा रोड क्षेत्र में बड़े स्तर पर नालों और नालियों की सफाई करवाई गई। अभियान के दौरान फैरो कंवर को क्रेन की सहायता से हटाकर जल निकासी मार्गों को साफ किया गया।
नगर परिषद की ओर से सफाई कर्मचारियों और आधुनिक मशीनों की मदद से नालों में जमा गाद, कचरा और अन्य अवरोधों को हटाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को रोकना और आमजन को राहत प्रदान करना रहा। परिषद की टीम ने क्षेत्र में कई स्थानों पर अवरुद्ध नालियों को खोलकर पानी की निकासी को सुचारू बनाया।
नगर परिषद सीकर के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 के तहत शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने के लिए लगातार विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी प्रमुख नालों, नालियों और जल निकासी मार्गों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी करवाई जा रही है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नालों और नालियों में कचरा, प्लास्टिक तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री नहीं डालें। आमजन के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ और बेहतर बनाया जा सकता है।