सीकर. जिले में आयोजित खाटू मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं जीव सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल एम्बुलेंस सेवा संचा...
सीकर. जिले में आयोजित खाटू मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं जीव सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मोबाइल एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है। यह सेवा 28 फरवरी तक अजीतगढ़ से जालपाली मोड़ श्रीमाधोपुर तक निरंतर जारी रहेगी।
मोबाइल एम्बुलेंस टीम पदयात्रियों की सेवा में दिन-रात जुटी हुई है। बुधवार को टीम ने कुल 187 श्याम पदयात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। यात्रा मार्ग पर थकान, छाले, हल्की चोट, बुखार एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित श्रद्धालुओं का मौके पर ही उपचार किया गया।
सोसायटी के तहसील प्रभारी कपिल मीणा ने बताया कि मोबाइल एम्बुलेंस में शंकर शर्मा, धर्मा सैंन, पवन टांक, महेश दीवान और दिनेश शर्मा सेवाएं दे रहे हैं। टीम देर रात तक सक्रिय रहकर पदयात्रियों को राहत पहुंचा रही है।
इसके अतिरिक्त रात्रि विश्राम पंडालों में भी श्याम भक्तों के लिए महरम-पट्टी और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सेवा कार्यों के कारण पदयात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हो रही है। खाटू मेले में इस प्रकार की मानवीय पहल श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।