सीकर. राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय, सीकर में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र, एनएसएस इकाई प्रथम एवं द्वितीय तथा महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्ति एवं ग्राम पंचायत व ग्रामीण क्षेत्रों में नेत...
सीकर. राजकीय वाणिज्य महाविद्यालय, सीकर में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र, एनएसएस इकाई प्रथम एवं द्वितीय तथा महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्ति एवं ग्राम पंचायत व ग्रामीण क्षेत्रों में नेतृत्व में लड़कियों की भूमिका” विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त समाज की दिशा में जागरूक करना तथा ग्रामीण विकास में महिलाओं की सशक्त भागीदारी पर प्रकाश डालना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सुनिता पांडेय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राकेश लाटा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में राकेश लाटा ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनाने और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज संस्थाओं की संरचना, ग्राम पंचायतों में महिलाओं के लिए आरक्षित पदों, संवैधानिक अधिकारों एवं नेतृत्व के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर नई किरण नशा मुक्ति केंद्र के समन्वयक डॉ. हंसराज रैगर ने कहा कि युवाओं में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में ऐसे कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने मुख्य अतिथि सहित सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विषय पर सार्थक संवाद किया।