सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

11 हजार केवी लाइन की चपेट में आया लाइनमैन : ट्रांसफार्मर लगाते समय हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रैफर

सीकर | 26-Dec-2025 11:16 AM | 385 |
सीकर
ट्रांसफार्मर लगाते समय हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद सीकर रैफर

फतेहपुर/सीकर. गुरुवार शाम को विद्युत विभाग की 11 हजार केवी लाइन पर कार्य करते समय एक लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब हरसावा ग्राम में ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य किया जा रहा था। करंट लगने से लाइनमैन बुरी तरह झुलस गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

लाइनमैन के साथ कार्य कर रहे राकेश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फतेहपुर के हरसावा गांव में 11 हजार केवी की लाइन से ट्रांसफार्मर स्थापित किया जा रहा था। इस दौरान एफ पार्टी के लाइनमैन सुरेंद्र पुत्र रामनिवास (उम्र 35 वर्ष), निवासी बाँटोद, फतेहपुर ने कार्य शुरू करने से पूर्व फोन के माध्यम से लाइन बंद करवाने की सूचना ली थी। हालांकि, फीडर से किसी अन्य लाइन को बंद कर दिया गया, जबकि संबंधित 11 हजार केवी लाइन चालू ही रह गई।

 

लाइन बंद होने की गलतफहमी के चलते जैसे ही सुरेंद्र ने कार्य शुरू किया, उन्हें अचानक 11 हजार केवी लाइन से तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही झुलसकर गिर पड़े। साथियों ने तुरंत उन्हें संभाला और घटना की सूचना आपातकालीन सेवाओं को दी।

 

घायल लाइनमैन को 108 एंबुलेंस की सहायता से फतेहपुर के राजकीय धानुका उप जिला चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण सुरेंद्र को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीकर रैफर कर दिया गया।

 

घटना के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी विद्युत कार्यों के दौरान समुचित सावधानी, सही लाइन शटडाउन प्रक्रिया और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर जोर देते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.