सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

नीमकाथाना में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई : 768 किलोग्राम बेसन सीज, 84 खाद्य लाइसेंस जारी

सीकर | 21-Jan-2026 09:09 AM | 385 |
सीकर
768 किलोग्राम बेसन सीज, 84 खाद्य लाइसेंस जारी

नीमकाथाना/सीकर. स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत जिलेभर में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नीमकाथाना क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण कर मिलावट की आशंका पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान 768 किलोग्राम बेसन को सीज किया गया, वहीं खाद्य लाइसेंस शिविर में 84 लाइसेंस जारी किए गए।

 

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत एफएसओ फूलसिंह बाजिया, महमूद अली एवं सुरेश कुमार शर्मा की टीम ने नीमकाथाना के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नृसिंह इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बेसन का सैम्पल लिया गया तथा गुणवत्ता पर संदेह के चलते 768 किलोग्राम बेसन को सीज कर दिया गया।

 

इसके अलावा टीम ने जोधपुर स्वीट्स होम, सिरोही बस स्टैण्ड से मावा बर्फी एवं अन्नपूर्णा मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई के सैम्पल भी लिए। सभी सैम्पलों को जांच के लिए जयपुर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

एफएसओ महमूद अली ने बताया कि निरीक्षण के दौरान नीमकाथाना शहर व सिरोही क्षेत्र के मिठाई विक्रेताओं एवं खाद्य व्यापारियों को एफएसएसएआई के नियमों की जानकारी दी गई और उनका अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नीमकाथाना के मैगोलितया धर्मशाला एवं पाटन बस स्टैण्ड पर आयोजित खाद्य लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन शिविर में कुल 84 लाइसेंस जारी किए गए।

 

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षित व गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट की जानकारी तुरंत विभाग को दें।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.