सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

मातृ दिवस पर नगर परिषद सीकर ने किया सफाई मित्र एवं मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र की महिलाओं का सम्मान : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के योगदान को सराहा

सीकर | 10-May-2026 09:15 PM | 385 |
सीकर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के योगदान को सराहा

सीकर. मातृ दिवस के अवसर पर नगर परिषद सीकर के कॉन्फ्रेंस हॉल में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-2026 के तहत विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। नगर परिषद सीकर एवं रेडियो राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही सफाई मित्र महिलाओं तथा मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र (आर.आर. सेंटर) में कार्यरत महिलाओं का सम्मान किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में मातृशक्ति के सम्मान और उनके योगदान को लेकर भावनात्मक माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ महिलाओं के समर्पण, सेवा भावना और अथक परिश्रम की सराहना की।

 

नगर परिषद सीकर के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार एक मां अपने परिवार की निस्वार्थ भाव से देखभाल करती है, उसी प्रकार सफाई मित्र महिलाएं पूरे शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं का सम्मान वास्तव में उनकी कर्मनिष्ठा, त्याग और सेवा भावना का सम्मान है।

 

उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण को केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि जनभागीदारी और नागरिक जिम्मेदारी का अभियान बताते हुए आमजन से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, पॉलिथीन का बहिष्कार करने तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही नगर परिषद द्वारा वेस्ट कचरे से तैयार की जा रही ऑर्गेनिक खाद और अन्य नवाचारों की भी जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में रेडियो स्टेशन डायरेक्टर कुलदीप शर्मा, डॉ. निशा शर्मा, कृष्ण गोपाल शर्मा, शुभकरण शर्मा, राजेंद्र सांखला सहित कई गणमान्य नागरिक एवं परिषद कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में सभी ने स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ सीकर निर्माण का संकल्प लिया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.