सीकर. पंजाब नैशनल बैंक, मंडल कार्यालय जयपुर-सीकर की ओर से बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधि के तहत कस्तूरबा सेवा संस्थान, सीकर में जरूरतमंद बच्चों को ट्रैकसूट वितरित किए गए। इस कार्...
सीकर. पंजाब नैशनल बैंक, मंडल कार्यालय जयपुर-सीकर की ओर से बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधि के तहत कस्तूरबा सेवा संस्थान, सीकर में जरूरतमंद बच्चों को ट्रैकसूट वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का आयोजन मंडल प्रमुख सुधांशु भूषण झा की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें संस्थान के 45 बच्चों को ट्रैकसूट प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा सेवा संस्थान की संस्थापक सुमित्रा शर्मा, संस्थान के अधीक्षक हरि नारायण तथा पंजाब नैशनल बैंक के मंडल प्रमुख सुधांशु भूषण झा, मुख्य प्रबंधक शंकर लाल, सुरेन्द्र कुमार और रमन मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को ट्रैकसूट वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मंडल प्रमुख सुधांशु भूषण झा ने संस्थान की संस्थापक सुमित्रा शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में परमार्थ और सेवा का कार्य करना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सुमित्रा शर्मा जैसी व्यक्तित्व से मिलकर प्रेरणा मिलती है, जो समाज के जरूरतमंद बच्चों के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब नैशनल बैंक अपनी सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर ऐसे संस्थानों का सहयोग करता रहेगा, ताकि जरूरतमंद बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मंडल प्रमुख ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन का सबसे बड़ा धन शिक्षा है। उन्होंने बच्चों को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में मंडल प्रमुख सहित सभी बैंक अधिकारियों ने सुमित्रा शर्मा से आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा।