सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

जिलेभर में मनाया गया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस : द्वितीय व तृतीय तिमाही की गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी कूपन किए गए वितरित

सीकर | 27-Jan-2026 05:42 PM | 385 |
सीकर
द्वितीय व तृतीय तिमाही की गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी कूपन किए गए वितरित

सीकर. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की समग्र जांच की गई तथा उन्हें गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, पोषण, नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत मां वाउचर योजना के अंतर्गत द्वितीय एवं तृतीय तिमाही की गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी कराने के लिए कूपन वितरित किए गए।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान होने वाले जोखिम को कम करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक माह की 9, 18 एवं 27 तारीख को जिले के सभी सरकारी चिकित्सालयों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस आयोजित किया जाता है। इससे समय पर जांच और परामर्श के माध्यम से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलती है।


जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ द्वारा गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच की गई। महिलाओं को शिशु के स्वस्थ विकास, एनीमिया से बचाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और प्रसव के दौरान संभावित जटिलताओं के बारे में विस्तार से बताया गया।


जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने जानकारी दी कि इस दौरान गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान, हृदय स्पंदन सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। पीसीटीएस सॉफ्टवेयर में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की एलएमपी तिथि के अनुसार द्वितीय या तृतीय तिमाही वाली महिलाओं को मां वाउचर योजना के तहत सोनोग्राफी कूपन प्रदान किए गए, जिससे वे विभाग द्वारा अधिकृत किसी भी निजी सेंटर पर निःशुल्क सोनोग्राफी करवा सकें। कार्यक्रम से जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.