फतेहपुर/सीकर. पंचायती राज विभाग द्वारा प्रदेश में नई पंचायत समितियों और पंचायतों के गठन के बाद फतेहपुर विधानसभा में विकास की दिशा में नई पहल की शुरुआत हो चुकी है। रामगढ़ कस्बे को अलग से पंचायत समिति क...
फतेहपुर/सीकर. पंचायती राज विभाग द्वारा प्रदेश में नई पंचायत समितियों और पंचायतों के गठन के बाद फतेहपुर विधानसभा में विकास की दिशा में नई पहल की शुरुआत हो चुकी है। रामगढ़ कस्बे को अलग से पंचायत समिति का दर्जा मिलने और 18 नई ग्राम पंचायतों के गठन के उपरांत भारतीय जनता पार्टी, फतेहपुर ने ग्रामीण समस्याओं के समाधान के लिए "जन संवाद–जन समाधान यात्रा" कार्यक्रम की घोषणा की है। यह यात्रा गुरुवार से शुरू होकर 18 दिसंबर तक विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों, ढाणियों और वार्डों तक पहुंचेगी।
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित तिवारी ने बताया कि फतेहपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे श्रवण चौधरी के प्रयासों से रामगढ़ शेखावाटी को नई पंचायत समिति और 18 नई ग्राम पंचायतों की स्वीकृति मिली, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन तेज होगा और स्थानीय समस्याओं का समाधान आसान बनेगा।
भाजपा नेता श्रवण चौधरी ने जानकारी दी कि यात्रा का शुभारंभ बाबा लक्ष्मीनाथ जी महाराज, सारनाथ जी मंदिर और बाबा बुद्धगिरी मढ़ी में दर्शन के बाद किया जाएगा। यात्रा के दौरान प्रतिदिन सुबह से शाम तक अलग–अलग गांवों और ढाणियों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें समाधान हेतु संबंधित विभागों से जोड़ा जाएगा।
यात्रा का समापन 21 दिसंबर को रामगढ़ में एक बड़े आयोजन के साथ किया जाएगा, जिसमें प्रदेश सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। पार्टी का दावा है कि यह पहल विकास की नई उम्मीदों और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।