फतेहपुर/सीकर. फतेहपुर-सीकर हाईवे पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। संयोग से मौके से गुजर रहे फतेहपुर विधायक हाकम अली खान ने तुरंत वाहन रुकवाया और घाय...
फतेहपुर/सीकर. फतेहपुर-सीकर हाईवे पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। संयोग से मौके से गुजर रहे फतेहपुर विधायक हाकम अली खान ने तुरंत वाहन रुकवाया और घायल को सहायता प्रदान की। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल किया, लेकिन एंबुलेंस कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचने में डेढ़ घंटे का समय लगने की बात कही। स्थिति गंभीर देखते हुए विधायक ने बिना देरी घायल को अपने वाहन से ही राजकीय धानुका उप जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मरीज को सीकर जिला अस्पताल रैफर किया गया। इसके बाद विधायक ने इस मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को देते हुए शिकायत भी दर्ज कराई।
10 मिनट बाद रास्ते में मिली एंबुलेंस
विधायक हाकम अली खान ने बताया कि एंबुलेंस कर्मचारियों द्वारा डेढ़ घंटे का समय बताने के बावजूद, घायल को अस्पताल पहुंचाकर लौटते समय उन्हें फतेहपुर हाईवे पर करीब 10 मिनट बाद ही एंबुलेंस मिल गई। इससे सेवा में देरी पर सवाल खड़े हो गए।
प्राइवेट एंबुलेंस से सांठगांठ का आरोप
विधायक ने आरोप लगाया कि सरकारी 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की निजी एंबुलेंस संचालकों के साथ सांठगांठ है। उन्होंने कहा कि सरकारी एंबुलेंस समय पर न पहुंचने का बहाना बनाती है ताकि अस्पताल के बाहर खड़ी निजी एंबुलेंस को मरीज मिल जाए और आम जनता को अधिक किराया देकर लूट का शिकार होना पड़े।
विधानसभा में उठेगा मुद्दा
स्थिति को बेहद गंभीर बताते हुए विधायक ने कहा कि जीवन से जुड़े ऐसे संवेदनशील मामले में भी अगर दलाली हो रही है तो यह अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को वे जयपुर विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाएंगे, ताकि आमजन को राहत मिल सके और 108 एंबुलेंस सेवा में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित हो।