सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने नीमकाथाना में ली अहम बैठक : फिरौती गैंग के खुलासे पर टीम की सराहना

सीकर | 01-Feb-2026 01:30 PM | 385 |
सीकर
फिरौती गैंग के खुलासे पर टीम की सराहना

सीकर. राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने नीमकाथाना स्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीकर जिले सहित सीमावर्ती आठ जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ते अपराध, नशाखोरी एवं संगठित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर रणनीति तय करना रहा।

 

डीजीपी शर्मा ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अपराध एवं नशाखोरी के खिलाफ सख्ती से कार्य करना होगा। उन्होंने हाल ही में फिरौती मांगने वाले गिरोह के सफल खुलासे पर सीकर एसपी सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना की। साथ ही उन्होंने बढ़ते अपराध और फिरौती गैंग के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक से पूर्व डीजीपी राजीव शर्मा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बैठक में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वीके सिंह, जयपुर रेंज आईजी राघवेंद्र सुहासा, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप सहित आठ जिलों के पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

 

डीजीपी शर्मा ने संगठित अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थों एवं सिंथेटिक ड्रग्स की धरपकड़ व तस्करी रोकने, अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण, साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कदम उठाने तथा संगठित अपराधियों की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि पुलिस की पहुंच आमजन तक बनी रहे।

 

इस अवसर पर जयपुर रेंज आईजी राघवेंद्र सुहासा, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमकाथाना लोकेश मीणा सहित जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.