सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

जिला स्तरीय राष्ट्रीय जेंडर अभियान के तहत राजीविका महिला समूहों ने ली शपथ : नई चेतना 4.0 अभियान में महिला सशक्तिकरण व जेंडर समानता पर दिया गया जोर

सीकर | 21-Dec-2025 09:40 PM | 385 |
सीकर
नई चेतना 4.0 अभियान में महिला सशक्तिकरण व जेंडर समानता पर दिया गया जोर

सीकर.जिला स्तरीय राष्ट्रीय जेंडर अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त ब्लॉकों से राजीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सहभागिता के साथ एक दिवसीय “नई चेतना 4.0 राष्ट्रीय जेंडर अभियान–2025” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास का नेतृत्व तैयार करना, उन्हें सशक्त बनाना तथा समाज में जेंडर समानता को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नई चेतना 4.0 अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, महिला अधिकारों एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी महिलाओं को जेंडर समानता, महिला सम्मान एवं हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने की शपथ दिलाई गई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शालिनी गोयल ने महिला हेल्पलाइन, निःशुल्क विधिक सहायता तथा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की। डी.डी.एम. नाबार्ड द्वारा महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, बचत, ऋण प्रबंधन एवं आर्थिक सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।

पुलिस विभाग की ओर से उप पुलिस अधीक्षक, सीकर ने साइबर अपराध, घरेलू हिंसा एवं पोक्सो अधिनियम से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए महिलाओं को सतर्क एवं जागरूक रहने का आह्वान किया। वहीं जिला अग्रणी बैंक पीएनबी, सीकर द्वारा महिलाओं को आयवर्धन, स्वरोजगार एवं बैंकिंग सुविधाओं के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में राजपाल यादव (सीईओ, जिला परिषद), प्रिया झाझडिया (संयुक्त निदेशक, कृषि), डॉ. कुलदीप, अभिनव लांबा (ए.एल.डी.एम.), विद्या जोशी (महिला अधिकारिता), राकेश गढ़वाल (ए.डी.सी.डी.ई.ओ.) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की जेंडर आधारित गतिविधियों व योजनाओं की जानकारी दी।

अंत में जिला परियोजना प्रबंधक, राजीविका सीकर अर्चना मौर्य ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.