अजीतगढ़/सीकर. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी अजीतगढ़ एवं राजस्थान पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में राउमावि अजीतगढ़ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गय...
अजीतगढ़/सीकर. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी अजीतगढ़ एवं राजस्थान पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में राउमावि अजीतगढ़ में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हाल ही में सड़क हादसों में अपनी जान गंवाने वालों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमकाथाना गिरधारी लाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो वाहन नहीं चलाते, वे भी घर-परिवार के सदस्यों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के महत्वपूर्ण सहयोगी बन सकते हैं।
सोसायटी के जिला सदस्य दिनेश गोविंद शर्मा ने कहा कि सड़क पर बचाकर नहीं, बल्कि बचकर चलने वाले लोग हादसों को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने जागरूकता को सड़क सुरक्षा का सबसे मजबूत आधार बताया।
विद्यालय के बाहर स्टेट हाइवे पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर चेतावनी दी गई और एयू बैंक की ओर से उन्हें हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में अजीतगढ़ पुलिस उपाधीक्षक उमेश गुप्ता, थानाधिकारी विजय सिंह तथा उपसंरक्षक सदस्य विजय यादव ने भी संबोधित किया और सुरक्षित यातायात के लिए नियमों के पालन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में तहसील प्रभारी कपिल मीणा, विष्णु चौधरी, पवन रोहिल्ला, महेश दीवान, विनोद लुणाका, धर्मा सैनी, राजीविका प्रोजेक्ट मैनेजर शुभम शर्मा, एयू बैंक शाखा प्रबंधक नीरज महावर, राउमावि उपप्राचार्य रामावतार रोलालियां, ओमप्रकाश अटल, राबाउमावि की कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रियंका शेखावत, सुरक्षा सखी मंजू कुमावत, मंजू कंवर, खुशबू कंवर, लक्ष्मी कंवर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।