सीकर. वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने बुधवार को श्री कल्याण अस्पताल पहुंचकर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने...
सीकर. वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने बुधवार को श्री कल्याण अस्पताल पहुंचकर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार, दवाइयों एवं उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल में मिली व्यवस्थाओं पर मंत्री ने संतोष जताया और कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने आईसीयू यूनिट का जायजा लेते हुए पीएमओ से गंभीर मरीजों के उपचार, उपलब्ध चिकित्सकीय संसाधनों तथा ब्लड की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार मिले तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो। साथ ही आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने मनोचिकित्सा वार्ड, मेल मेडिकल वार्ड एवं रामाश्रय वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों की सुविधाओं, साफ-सफाई एवं चिकित्सा सेवाओं का अवलोकन किया। अस्पताल परिसर और शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण करते हुए नियमित सफाई बनाए रखने तथा हाथ धोने के लिए साबुन सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
रामाश्रय वार्ड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि इस वार्ड में केवल वृद्धजन मरीजों को ही रखा जाए ताकि उन्हें शांत एवं बेहतर वातावरण में उपचार मिल सके। इसके अलावा उन्होंने अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था, पंजीयन प्रक्रिया, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा वितरण प्रणाली की भी समीक्षा करते हुए मरीजों को समय पर जांच और उपचार सुविधा उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।