सीकर. शेखावाटी उत्सव के दूसरे दिन रविवार को अर्बन हाट में आयोजित सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह से राजस्थानी लोक कला और सुरों के रंग में डूबी नजर आई। जैसलमेर के प्रसिद्ध लोक कलाकार चुग्गे खान लंगा मांगणिय...
सीकर. शेखावाटी उत्सव के दूसरे दिन रविवार को अर्बन हाट में आयोजित सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह से राजस्थानी लोक कला और सुरों के रंग में डूबी नजर आई। जैसलमेर के प्रसिद्ध लोक कलाकार चुग्गे खान लंगा मांगणियार दल एवं लोकप्रिय लोक गायक राजेंद्र कविया की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर देर शाम तक श्रोताओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
चुग्गे खान लंगा मांगणियार दल ने अपनी सशक्त लोक गायकी से समा बांध दिया। उन्होंने रामसा पीर, केसरिया बालम सहित अनेक पारंपरिक लोक गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक तालियों के साथ झूमते नजर आए। मंगणियार परंपरा की समृद्ध झलक ने शेखावाटी उत्सव की गरिमा को और बढ़ाया।
वहीं लोक गायक राजेंद्र कविया ने धरती धोरा री जैसे लोकप्रिय राजस्थानी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी गायकी में राजस्थान की मिट्टी की खुशबू और लोक भावनाओं की गहराई स्पष्ट झलकी।
कार्यक्रम के समापन पर आकर्षक आतिशबाजी ने उत्सव की शाम को और भी यादगार बना दिया। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, धोद विधायक गोर्वधन वर्मा, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, एडीएम सिटी भावना शर्मा, सहायक निदेशक पर्यटन अनु शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विकास सिहाग सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शहरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।