सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

शेखावाटी विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन : काम नहीं, हुनरमंद युवाओं की कमी – कुलगुरु प्रो. राय

सीकर | 24-Mar-2026 03:31 PM | 385 |
सीकर
काम नहीं, हुनरमंद युवाओं की कमी – कुलगुरु प्रो. राय

सीकर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में एनआईआईटी लिमिटेड, गुरुग्राम की ओर से प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जिसमें सीकर और झुंझुनूं जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय तथा अकादमिक निदेशक डॉ. आर.सी. मीणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. राय ने कहा कि आज के समय में रोजगार की कमी नहीं है, बल्कि कुशल और हुनरमंद युवाओं की कमी महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद विश्वविद्यालयों का स्वरूप बदल रहा है और अब प्रत्येक विद्यार्थी के पास कोई न कोई कौशल होना आवश्यक है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और इंडस्ट्री के साथ सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि प्लेसमेंट केवल करियर की शुरुआत है, असली चुनौती कार्यस्थल पर स्वयं को स्थापित कर निरंतर आगे बढ़ना है। इसके लिए मेहनत, अनुशासन और प्रतिबद्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और समय का सदुपयोग करने की भी सलाह दी।

 

विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. आर.सी. मीणा ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं एनआईआईटी लिमिटेड के एसोसिएट सोर्सिंग पार्टनर हेड मनोज कश्यप ने बताया कि इस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से एचडीएफसी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर पद के लिए भर्ती की जाएगी। चयन प्रक्रिया में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद विभिन्न चरणों से गुजरना होगा।

 

कार्यक्रम में प्लेसमेंट सेल के सह संयोजक डॉ. डी.पी. सिंह, एनआईआईटी के सीनियर मैनेजर ऋषभ गौतम, प्रतिभा चौधरी, असिस्टेंट काउंसलर निशु सहित कई अधिकारी, कर्मचारी, फैकल्टी सदस्य और विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधन विभाग की डॉ. ममता वर्मा ने किया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.