सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

जिला प्रशासन की सख्ती : चार गैस एजेंसियों का निरीक्षण, व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी शुरू

सीकर | 16-Mar-2026 10:34 PM | 385 |
सीकर
चार गैस एजेंसियों का निरीक्षण, व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी शुरू

सीकर. जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर निगरानी बढ़ा दी है। जिला रसद अधिकारी विजेन्द्र पाल ने बताया कि खाद्य विभाग जयपुर एवं जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में गैस एजेंसियों की जांच की गई।

 

जांच के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीकर रतन कुमार ने शिव गैस एजेंसी सीकर का निरीक्षण किया, वहीं नगर परिषद आयुक्त द्वारा देव गैस एजेंसी सीकर की जांच की गई। इसके अलावा खाद्य विभाग के सतर्कता दल ने दो अन्य गैस एजेंसियों सहित कुल चार गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन किया गया और यह भी सुनिश्चित किया गया कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है या नहीं।

 

जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी एजेंसी द्वारा बुकिंग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं की जाती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में त्रिस्तरीय जांच कमेटी का भी गठन किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखते हुए गैस एजेंसियों की जांच करेगी। साथ ही सभी अधिशाषी अधिकारियों, नगरपालिकाओं और नगर परिषद सीकर को नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर गैस बुकिंग एवं शिकायत से संबंधित कस्टमर केयर नंबर 181, 112 तथा विभागीय हेल्पलाइन नंबर 14435 को होर्डिंग के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 01572-251008 है।

 

जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में भारत एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी शुरू कर दी गई है। वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। सोमवार सुबह जिले में लगभग 20,106 घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था और लगभग 9,853 सिलेंडरों की अतिरिक्त आवक हुई, जिनमें से करीब 11,911 सिलेंडरों का वितरण किया गया। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और घरेलू गैस सिलेंडरों की अनावश्यक बुकिंग या संग्रहण न करें।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.