सीकर. शहर के फतेहपुर रोड स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में मंगलवार दोपहर बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया। सुरक...
सीकर. शहर के फतेहपुर रोड स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र में मंगलवार दोपहर बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को तुरंत खाली करवा दिया गया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
सूचना पर एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह, सीओ सिटी संदीप चौधरी सहित कोतवाली थाना, उद्योग नगर थाना और गोकुलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें भी सतर्कता के तौर पर मौके पर तैनात रहीं।
पुलिस और डॉग स्क्वॉड टीम ने एहतियात के तौर पर पासपोर्ट ऑफिस, बैंक और आसपास स्थित सिनेमॉल को खाली करवाया। इसके बाद पूरे परिसर और आसपास खड़े वाहनों की गहन जांच की गई। जयपुर से विशेष बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा और करीब चार घंटे तक सर्च अभियान चलाया।
हालांकि गहन तलाशी के बाद भी किसी प्रकार का बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता वापस लौट गया। एसपी प्रवीण नायक नुनावत ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे मेल के जरिए पासपोर्ट ऑफिस में बम होने की सूचना मिली थी। सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे कैंपस को खाली करवाया गया और जयपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाकर जांच करवाई गई।
उन्होंने बताया कि सर्च अभियान में कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है और प्रारंभिक जांच में सूचना फर्जी प्रतीत हो रही है। फिलहाल यह मेल कहां से भेजा गया, इसकी जांच की जा रही है। बम की फर्जी सूचना के कारण पासपोर्ट ऑफिस, बैंक सेवाएं और मॉल की गतिविधियां करीब चार घंटे तक प्रभावित रहीं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।