सीकर. जिला प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति विभाग सुबीर कुमार ने रविवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर राज्य सरकार की फ्...
सीकर. जिला प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति विभाग सुबीर कुमार ने रविवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक आमजन तक पहुंचाया जाए तथा सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।
बैठक में 25 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित होने वाले वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की तैयारियों पर चर्चा करते हुए प्रभारी सचिव ने जल संरक्षण संरचनाओं की साफ-सफाई, नई संरचनाओं के निर्माण और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही 5 जून से शुरू होने वाले हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में 31 लाख पौधारोपण लक्ष्य को सफल बनाने के लिए गड्ढे खोदने सहित सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने पौधों के संरक्षण और रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।
सुबीर कुमार ने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के अंतर्गत भामाशाहों के सहयोग से रिचार्ज शाफ्ट, सोक पिट एवं अन्य जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। समर कंटीजेंसी प्लान की समीक्षा करते हुए उन्होंने पेयजल संकट वाले क्षेत्रों की पहचान कर टैंकरों एवं अन्य संसाधनों से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, मां योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति बढ़ाने के निर्देश देते हुए सरकारी कार्यालयों में सोलर प्लांट लगाने पर भी जोर दिया। बैठक में पंच गौरव योजना, गरीबी मुक्त ग्राम योजना, नमो ड्रोन दीदी, लखपति दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह, एडीएम सिटी भावना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।