सीकर. एनएच-52 स्थित स्वामी केशवानन्द शिक्षण संस्थान समूह द्वारा संचालित केशवानन्द सीबीएसई एनडीए कैम्पस के होनहार छात्र प्रतीक श्योकन्द ने राष्ट्रीय स्तर पर सीकर का नाम रोशन किया है। मध्यप्रदेश की राजध...
सीकर. एनएच-52 स्थित स्वामी केशवानन्द शिक्षण संस्थान समूह द्वारा संचालित केशवानन्द सीबीएसई एनडीए कैम्पस के होनहार छात्र प्रतीक श्योकन्द ने राष्ट्रीय स्तर पर सीकर का नाम रोशन किया है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दिनांक 06 जनवरी 2025 से आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्तर शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतीक ने 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-19 छात्र वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खेल प्रभारी महेन्द्र सहारण ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 12 के छात्र प्रतीक श्योकन्द ने 385.00 (12 एक्स) का नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाते हुए प्रथम रैंक प्राप्त की। देशभर से आए प्रतिभाशाली निशानेबाजों के बीच प्रतीक ने अद्भुत एकाग्रता, संतुलन और सटीक निशाने का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल किया।
संस्थान निदेशक रामनिवास ढाका ने बताया कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे सीकर जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतीक ने ग्लैमर और दबाव से भरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। निदेशक ने यह भी बताया कि प्रतीक गत वर्ष जर्मनी में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप 2025 में भी भाग ले चुके हैं, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव में और निखार आया है।
छात्र की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिसर में हर्ष और उल्लास का वातावरण है। कोच प्रदीप गुर्जर के मार्गदर्शन, विद्यालय प्रबंधन के सहयोग और परिवार के समर्थन को इस सफलता का अहम आधार बताया गया। संस्थान चेयरमैन सुरेन्द्र सिंह एवं सहनिदेशक गोपाल सिंह ने प्रतीक को बधाई देते हुए कहा कि वह शूटिंग में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। निश्चित ही आने वाले समय में प्रतीक देश के लिए और भी गौरवपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल करेंगे।