सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

सीकर में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक : फ्लैगशिप योजनाओं व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

सीकर | 09-Mar-2026 09:44 PM | 385 |
सीकर
फ्लैगशिप योजनाओं व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

सीकर. जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की आवश्यक सेवाओं को लेकर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति तथा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

जिला कलेक्टर शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं का संतुष्टि स्तर बढ़ाने के लिए जवाबों में स्पष्टता और गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है।

 

उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले में बढ़ते तापमान और संभावित लू को देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

बैठक में राजस्थान संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग से संबंधित प्रकरणों के साथ-साथ विद्युत, ऊर्जा और चिकित्सा विभाग से जुड़े मामलों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एडीएम शहर भावना शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और जवाबों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

 

फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान लाड़ो प्रोत्साहन योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), अटल प्रगति पथ तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में अपेक्षित प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में अधिक से अधिक ऋण स्वीकृति सुनिश्चित करने के लिए अग्रणी जिला प्रबंधक को प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया

बैठक में आरसीएचओ डॉ. विशाल सिंह ने 14 वर्ष तक की बच्चियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए लगाए जाने वाले एचपीवी वैक्सीन के बारे में जानकारी दी और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों से स्कूलों में अध्ययनरत सभी बच्चियों को यह वैक्सीन लगवाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

 

इस दौरान सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, सीएमएचओ डॉ. अशोक महारिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.