सीकर. सीकर के पूर्व सभापति स्वर्गीय सोमनाथ त्रिहन के जीवन पर आधारित स्मारिका का विधिवत विमोचन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जयपुर स्थित निवास पर किया गया। यह कार्यक्रम त्रिहन परिवार की उपस्थिति में ...
सीकर. सीकर के पूर्व सभापति स्वर्गीय सोमनाथ त्रिहन के जीवन पर आधारित स्मारिका का विधिवत विमोचन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जयपुर स्थित निवास पर किया गया। यह कार्यक्रम त्रिहन परिवार की उपस्थिति में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्मारिका का विमोचन करते हुए स्वर्गीय सोमनाथ त्रिहन के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय त्रिहन सादगीपूर्ण, मिलनसार और जनसेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित जनप्रतिनिधि थे। गहलोत ने बताया कि साधारण परिवार से निकलकर सोमनाथ त्रिहन ने सीकर नगर के सभापति पद तक का सफर तय किया और अपने कार्यकाल में शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने अपने संबोधन में त्रिहन के साथ बिताए पुराने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल जनसेवा, पारदर्शिता और विकास के लिए सदैव याद किया जाएगा। गहलोत ने कहा कि स्वर्गीय त्रिहन के विचारों, सादगी और जनसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सीकर विधायक राजेंद्र पारीक ने बताया कि सोमनाथ त्रिहन के पिताश्री 1917 में महामारी के समय राजकीय चिकित्सक के रूप में सीकर आए थे और आमजन की सेवा कर अनेक लोगों की जान बचाई थी। इसी सेवा भावना के कारण पंजाबी समाज से होने के बावजूद उन्हें शहरवासियों का भरपूर स्नेह मिला और वे सीकर के सभापति बने।
कार्यक्रम में सुरेन्द्र त्रिहन, शकुंतला त्रिहन, वैभव त्रिहन, कनिका, करीना कपूर, कृष्णा, मोहित, पंकज, जगदीश सपरा, कमल त्रिहन, रीना त्रिहन, अंश त्रिहन, डॉ. सतीश अरोड़ा सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनीता गिठाला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीएस जाट, कैप्टन अरविंद, फूल सिंह ओला, शिव भगवान नागा, बुनियाद अली कुरैशी, सुनील शर्मा, वसीम खान, दिनेश झीगर, विजेंद्र सैनी, संदीप तंवर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सम्मान और स्मृतियों से ओतप्रोत रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय सोमनाथ त्रिहन के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।