जयपुर/सीकर. राजकीय एएनएम प्रशिक्षण केंद्र सीकर की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। राजस्थान नर्सिंग काउंसिल, जयपुर की ओर से 26 जनव...
जयपुर/सीकर. राजकीय एएनएम प्रशिक्षण केंद्र सीकर की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। राजस्थान नर्सिंग काउंसिल, जयपुर की ओर से 26 जनवरी 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राजस्थान के विभिन्न नर्सिंग स्कूलों की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस समारोह में सीकर जिले के एएनएम प्रशिक्षण केंद्र पिपराली की छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। शैक्षणिक सत्र 2024-25 बैच की छात्रा नीतू स्वामी ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर सर्वोच्च उपलब्धि हासिल की, वहीं पूजा कुमारी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ाई। इसी क्रम में वर्ष 2025-26 बैच की छात्रा आंचल ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान तथा करिश्मा सैनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चारों छात्राओं की इस उपलब्धि पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में छात्राओं की मेहनत, अनुशासन एवं लगन की सराहना की गई।
छात्राओं की इस सफलता पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया तथा जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की प्रिंसिपल, स्टाफ एवं छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में भी छात्राएं इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।