सीकर. जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने मंगलवार को जिले की विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएचसी दांतारामगढ़, डांसरौली, करड़, ...
सीकर. जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने मंगलवार को जिले की विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएचसी दांतारामगढ़, डांसरौली, करड़, पचार और उमाड़ा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीएचसी दांतारामगढ़ के निरीक्षण के समय डॉ. सिंह ने चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना बीसीएमओ की पूर्व अनुमति के अवकाश पर न जाएं। उन्होंने एमसीएचएन दिवस एवं प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर यथासंभव अवकाश नहीं लेने, सभी कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा एनएचएम सहित एक ही उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर सैक्टर की सभी एएनएम एवं आशा को समस्त गर्भवती महिलाओं को पीएचसी पर लाकर आवश्यक जांचें सुनिश्चित करनी होंगी।
पीएचसी डांसरौली में डॉ. सिंह ने इसी प्रकार के निर्देश देते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विशेष दिवसों पर सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच एवं सेवाएं प्राथमिकता से दी जाएं।
पीएचसी पचार में कोल्ड चैन डिपो का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आईएलआर एवं डीप फ्रीजर का सुबह-शाम तापमान दर्ज करने, तापमान संधारण पुस्तिका को अद्यतन रखने, दैनिक व साप्ताहिक निवारक रखरखाव तथा वैक्सीन के नियमानुसार संधारण व वितरण के निर्देश दिए। उपकरणों की नियमित साफ-सफाई पर भी उन्होंने जोर दिया।
इसके अतिरिक्त डॉ. विशाल सिंह ने सैक्टर दांतारामगढ़, डांसरौली, करड़, पचार और उमड़ा में एएनसी पंजीकरण एवं पूर्ण टीकाकरण में लक्ष्यानुरूप उपलब्धि हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।