फतेहपुर/सीकर. राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा शुरू की गई जन-जागरूकता पहल के तहत विधानसभा क्षेत्रों में गांव-गांव और ढाणी-ढाणी सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्...
फतेहपुर/सीकर. राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा शुरू की गई जन-जागरूकता पहल के तहत विधानसभा क्षेत्रों में गांव-गांव और ढाणी-ढाणी सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष रथ यात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कारंगा में सरकार के 2 वर्ष की उपलब्धियों और योजनाओं को लेकर विकास रथ पहुंचा।
रथ यात्रा की फतेहपुर विधानसभा संयोजक एवं पूर्व जिला मंत्री सरोज कड़वासरा ने बताया कि इस रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि रथ के माध्यम से ग्रामीणों को कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल और वर्तमान में प्रदेश की भजनलाल सरकार के दो वर्ष के कार्यों की तुलनात्मक जानकारी भी दी जा रही है, जिससे आमजन को विकास की वास्तविक तस्वीर समझने में आसानी हो सके।
रथ पर लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, जैसे सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली-पानी, किसान कल्याण एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी वीडियो के माध्यम से दिखाई गई। वीडियो प्रस्तुतिकरण के जरिए सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को सरल भाषा में समझाया गया, जिससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने रथ यात्रा का स्वागत किया और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया और ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई।