फतेहपुर/सीकर. सर्दी का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। बीती रात्रि को कस्बे के झुंझुनूं रोड स्थित वार्ड नंबर 47, राजस्थान पब्लिक स्कूल के सामने सैनी ...
फतेहपुर/सीकर. सर्दी का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। बीती रात्रि को कस्बे के झुंझुनूं रोड स्थित वार्ड नंबर 47, राजस्थान पब्लिक स्कूल के सामने सैनी नगर में चोरों ने बंद पड़े दो मकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सैनी नगर निवासी प्रकाश कुमार पुत्र श्रवण कुमार एवं उनके पड़ोसी सुरेश कुमावत अपने-अपने परिवार सहित किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर दोनों बंद घरों के ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर नकदी व कीमती सामान चोरी कर लिया।
प्रकाश कुमार ने बताया कि शनिवार को जब वे घर लौटे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर कमरे में रखे कुछ गहने, कपड़े एवं ₹7,000 नकद गायब मिले। वहीं पड़ोसी सुरेश कुमावत के मकान में भी चोरों ने ताले तोड़कर अलमारी से ₹21,000 नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा चोर घर में रखे कपड़ों से भरे छह सूटकेस उठाकर लगभग 100 मीटर दूर ले गए। सूटकेस खोलने पर उनमें केवल कपड़े होने के कारण चोर उन्हें वहीं फेंककर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्रवासियों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।