सीकर. नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा शनिवार को एकदिवसीय दौरे पर सीकर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के सबसे पुराने श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (एसके स्कूल) के ...
सीकर. नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा शनिवार को एकदिवसीय दौरे पर सीकर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहर के सबसे पुराने श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (एसके स्कूल) के खेल मैदान परिसर में भामाशाह डॉ. वीके जैन द्वारा नवनिर्मित 12 खेल मैदानों का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पैरा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झाझड़िया, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व विधायक रतन जलधारी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि एसके स्कूल आजादी से पहले स्थापित विद्यालयों में से एक है और इस विद्यालय ने बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि रींगस और बावड़ी जैसे विद्यालयों ने भी एक समय में हॉकी व अन्य खेलों में उल्लेखनीय योगदान दिया था।
मंत्री खर्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “खेलेगा भारत, बढ़ेगा भारत” विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले आठ–दस वर्षों में खेलों को लेकर देश में अभूतपूर्व जागरूकता आई है। आज भारत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक तालिका के ऊपरी पायदानों पर स्थान बना रहा है, जो बदलते भारत की तस्वीर है।
उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं की अतिरिक्त ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगती है, जिससे नकारात्मकता दूर रहती है और राष्ट्र निर्माण की भावना प्रबल होती है। प्रधानमंत्री का सपना है कि आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने से पहले भारत दुनिया का सबसे विकसित और सशक्त राष्ट्र बने।
राजस्थान के आगामी बजट को लेकर मंत्री ने कहा कि बजट की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 11 तारीख को स्थिति स्पष्ट होगी। यूजीसी को लेकर विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है, यह उसका अधिकार है।