सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

सड़क दुर्घटनाओं से गौवंश की रक्षा के लिए युवाओं की अनूठी पहल : फतेहपुर में टीम गाजी खान ने शुरू किया अभियान, 500 से अधिक गायों के गले में लगाए रेडियम पट्टे

सीकर | 21-Jan-2026 09:27 AM | 385 |
सीकर
फतेहपुर में टीम गाजी खान ने शुरू किया अभियान, 500 से अधिक गायों के गले में लगाए रेडियम पट्टे

फतेहपुर/सीकर. कस्बे से होकर तीन राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरने के कारण क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन दुर्घटनाओं में जहां वाहनों को नुकसान पहुंचता है, वहीं बड़ी संख्या में बेजुबान गायों की भी असमय मौत हो रही है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए फतेहपुर के युवाओं ने एक सराहनीय पहल की है, जिससे न केवल गौवंश की रक्षा हो सके बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाई जा सके।

 

कस्बे की टीम गाजी खान के सदस्यों ने “दुर्घटना मुक्त सड़क और सुरक्षित गौवंश” के उद्देश्य से एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। टीम के सक्रिय सदस्य रिजवान गाजी खान रोल साहबसर ने बताया कि टीम गाजी खान की स्थापना सर्व समाज को साथ लेकर की गई थी। यह पहल उनके भाई की स्मृति से जुड़ी है, जिनकी सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए टीम आज समाजहित में लगातार कार्य कर रही है।

 

रिजवान खान ने बताया कि आए दिन सड़क पर घूमने वाली गायें रात के समय वाहन चालकों को दिखाई नहीं देतीं, जिससे दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए टीम द्वारा अब तक लगभग 500 गायों के गले में रेडियम की पट्टियां लगाई जा चुकी हैं। इन रेडियम पट्टियों की मदद से दूर से ही गायें नजर आ जाती हैं, जिससे वाहन चालक सतर्क हो जाते हैं और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो जाती है।

 

टीम गाजी खान द्वारा युवाओं को गौ माता की रक्षा और सेवा का संदेश भी निरंतर दिया जा रहा है। इस जागरूकता अभियान का असर यह है कि आज टीम में दो दर्जन से अधिक युवा सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं, जो प्रतिदिन किसी न किसी रूप में गायों की सुरक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं। इस दौरान रिजवान खान, विकास स्वामी, एजाज खान, सोहेल खान, अटल, शाहरुख खान, शाहिद सहित अन्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.