रामगढ़ शेखावाटी/सीकर. नगरपालिका की वार्षिक बजट बैठक सोमवार को नगरपालिका सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष एडवोकेट दूदाराम चोहला ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 34 कर...
रामगढ़ शेखावाटी/सीकर. नगरपालिका की वार्षिक बजट बैठक सोमवार को नगरपालिका सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष एडवोकेट दूदाराम चोहला ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 34 करोड़ 84 लाख 27 हजार रुपए का बजट बहुमत से पारित किया गया। हालांकि बजट चर्चा से पूर्व ही सदन का माहौल बेहद गरमा गया और करीब एक घंटे तक सत्ता पक्ष के कांग्रेसी पार्षदों व नगरपालिका अधिशासी अधिकारी जयकरण गुर्जर के बीच तीखी नोंकझोंक, आरोप-प्रत्यारोप और बहस होती रही।
कांग्रेसी पार्षद मकसूद भाटी ने ईओ पर मनमानी और आमजन की शिकायतों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नाला जाम, गंदगी और वार्डों की समस्याओं की सूचना देने के बावजूद दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं होती, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
सीवरेज व्यवस्था को लेकर नगरपालिका उपाध्यक्ष जमील कुरैशी ने सीवरेज कंपनी और प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सीवरेज लाइन जाम और गंदा पानी बहने के वीडियो सदन में दिखाते हुए कमीशनबाजी के आरोप लगाए तथा सीवरेज कार्यों और बिलों की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित करने की मांग की। इस पर ईओ जयकरण गुर्जर ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए प्रमाण प्रस्तुत करने की बात कही।
कांग्रेसी पार्षद हारून चेजारा ने नए बस स्टैंड परिसर में जलभराव और एसटीपी के पास कचरा स्टेशन को लेकर नाराजगी जताई। ईओ ने बताया कि पानी निकासी के लिए 12 करोड़ रुपए की योजना प्रस्तावित है, जो राज्य सरकार की स्वीकृति पर निर्भर है।
बैठक का रोचक पहलू यह रहा कि अधिकांश हंगामा सत्ता पक्ष के पार्षदों द्वारा किया गया, जबकि विपक्षी भाजपा पार्षद अपेक्षाकृत निष्क्रिय नजर आए। अंत में नगरपालिका एएओ योगेश कुमार शर्मा द्वारा प्रस्तुत बजट प्रस्ताव पर चर्चा के बाद 34.84 करोड़ रुपए के बजट को सदन ने पारित कर दिया।