uniara-news-guman-ganj-village
उनियारा, 04 नवम्बर — उपखंड क्षेत्र की शिवराजपुरा ग्राम पंचायत के गुमानगंज ग्राम में सोमवार को एक अजीबो-गरीब घटना देखने को मिली। गांव के बच्चे जब ककोड़ विद्यालय जाने के लिए निकले, तो रास्ते में भरे कीचड़ और पानी से परेशान होकर उन्होंने गांव के अंदर से गुजर रही निर्माणाधीन हाइटेंशन लाइन के पोल पर चढ़कर विरोध जताया।
घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन बच्चों ने लगभग दो घंटे तक पोल से नीचे उतरने से इंकार कर दिया। बाद में बनेठा थाना प्रभारी भागीरथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों को समझाया कि उनकी समस्या सही है, लेकिन यह तरीका गलत है। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या को प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में गांव टापू (द्वीप) जैसी स्थिति में तब्दील हो जाता है। चारों ओर पानी भर जाने से न केवल आवाजाही बाधित होती है, बल्कि बच्चों को विद्यालय पहुंचने में भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गांव के लोगों ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी उनका गांव सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। बच्चों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने गांव की स्थिति का जायजा लेने और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
Loading more posts...