फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन
अनूपपुर, 21 फरवरी 2026
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत शनिवार को जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षल पंचोली ने जानकारी देते हुए बताया कि संशोधित मतदाता सूची जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध करा दी गई है।
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—कोतमा, अनूपपुर और पुष्पराजगढ़—के कुल 735 मतदान केन्द्रों के लिए विधानसभा स्तर पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया है।
प्रकाशित सूची के अनुसार जिले में कुल 5 लाख 5 हजार 259 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें
2 लाख 55 हजार 878 पुरुष मतदाता
2 लाख 49 हजार 375 महिला मतदाता
6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 6 हजार 684 युवा मतदाता सूची में दर्ज किए गए हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान प्रारंभिक प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति अवधि में नए नाम जोड़ने, नाम विलोपन और संशोधन संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। बूथ स्तर अधिकारियों ने घर-घर सत्यापन और विशेष अभियान दिवसों के माध्यम से आवेदनों का संकलन किया। सभी दावों एवं आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर जाकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें।