डेढ़ साल से फरार धोखाधड़ी का आरोपी रीवा से गिरफ्तार
अनूपपुर । 05 फरवरी 2026
चौकी फुनगा पुलिस ने डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी को रीवा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर लोगों से पैसा दोगुना करने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।
मामले में फरियादी हेमलाल चौधरी (71 वर्ष), निवासी पयारी नंबर-1 ने 7 जुलाई 2025 को चौकी फुनगा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार रिलायबल को-ऑपरेटिव सोसाइटी के संचालक अरविंद त्रिपाठी, श्याम शुक्ला एवं दीपक त्रिपाठी ने निश्चित अवधि में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से निवेश कराया, लेकिन समय पूरा होने पर न तो पैसा लौटाया गया और न ही कोई जवाब दिया गया। इसके बाद आरोपी कंपनी बंद कर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर चौकी फुनगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 302/25 धारा 420, 409 एवं 120-बी भारतीय दंड संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी श्याम शुक्ला (44 वर्ष), निवासी रीवा, की लोकेशन रीवा में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रीवा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को आज 05 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सोने सिंह परस्ते, प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह एवं आरक्षक वीर सिंह की अहम भूमिका रही।