PHM NEWS

नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटाकर समतलीकरण शुरू किया

प्रकाशित: 16 Sep 2025

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बिधूना नगर में आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनने का रास्ता साफ होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत नगर पंचायत प्रशासन ने सोमवार को उपजिलाधिकारी गरिमा सोनकिया की मौजूदगी में भूमि संख्या 886/1243 पर नाप-जोख कराते हुए अतिक्रमण हटवाकर जेसीबी से समतलीकरण कराया। इस कार्रवाई के दौरान खोखे और अन्य अस्थायी सामान हटाए गए।

उपजिलाधिकारी गरिमा सोनकिया ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया और क्षेत्रीय लेखपाल सत्यवीर सिंह पाल को भूमि की नाप-जोख का कार्य सौंपा। साथ ही यह सुनिश्चित कराया गया कि भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा न रहे। अतिक्रमण प्रभारी मनोज चतुर्वेदी की देखरेख में नोटिस देकर पहले से चेतावनी दिए गए खोखा धारियों का कब्जा हटाया गया।

नगर पंचायत अध्यक्ष आदर्श मिश्रा ने बताया कि इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से न केवल स्थानीय लोगों को आधुनिक सुविधाएँ मिलेंगी, बल्कि इससे नगर का आर्थिक विकास भी तेज होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन युद्धस्तर पर काम कर रहा है और बहुत जल्द इस परियोजना पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

हालांकि, नगर में इस भूमि को लेकर विवाद भी सामने आया है। कई स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक खाद के गड्ढों के लिए सुरक्षित है, जिस पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य कराना गैरकानूनी होगा। कछपुरा तिलकनगर निवासी हरगोविंद सिंह सेंगर ने तो यहाँ तक दावा किया है कि उक्त भूमि उनकी है और प्रशासन मनमाने ढंग से इसे दूसरी जगह चिन्हित कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वे इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाएंगे।

स्थानीय नागरिकों की आपत्तियों और दावों के बीच नगर पंचायत प्रशासन अपनी कार्ययोजना पर अडिग दिखाई दे रहा है। प्रशासन का कहना है कि सभी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ही यह परियोजना लागू की जा रही है।

अब देखना यह होगा कि भूमि विवाद और आपत्तियों के बीच बिधूना में प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किस तरह आगे बढ़ता है। फिलहाल, नगर में यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बना हुआ है।