औचक निरीक्षण में सीएचसी सलेमपुर के चिकित्सक मिले अनुपस्थित : डीएम ने जताई नाराजगी
औचक निरीक्षण में सीएचसी सलेमपुर के चिकित्सक मिले अनुपस्थित, डीएम ने जताई नाराजगी
देवरिया, 19 अगस्त। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सलेमपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुबह करीब 8:15 बजे कुछ चिकित्सक ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ चिकित्सक बिना एप्रन के ड्यूटी करते पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सीएचसी के एमसीएच विंग का भी निरीक्षण किया और भर्ती गर्भवती महिलाओं से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हाल में हुए प्रसव की जानकारी लेने के साथ नवजात शिशुओं और माताओं के टीकाकरण कार्ड की भी जांच की।
जिलाधिकारी ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम को निर्देश दिया कि वीएचएसएनडी सत्रों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। टीकाकरण कार्ड में सभी आवश्यक जांच और टीकाकरण का विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। इससे शिशु मृत्यु दर (IMR) और मातृ मृत्यु दर (MMR) को कम करने में प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को समय से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।