जनता दर्शन में पहुंची 80 वर्षीय वृद्धा की फरियाद
जनता दर्शन में पहुंची 80 वर्षीय वृद्धा की फरियाद पर डीएम ने दिखाई संवेदनशीलता, पेंशन व राशन कार्ड की प्रक्रिया शुरू
देवरिया। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में सोमवार को 80 वर्षीय असहाय वृद्ध महिला की समस्या पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तत्काल संज्ञान लिया। महिला ने वृद्धावस्था पेंशन और राशन कार्ड न होने से आर्थिक तंगी की बात बताते हुए सहायता की गुहार लगाई।
बैतालपुर नगर पंचायत के विशुनपुर आजाद नगर निवासी मराछी देवी ने बताया कि उन्हें लंबे समय से वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है और राशन कार्ड भी नहीं बना है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल बुलाकर पेंशन में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर तहसीलदार सदर ने आय प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी कराई और उसी दिन आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को वृद्धा का राशन कार्ड बनवाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी की त्वरित पहल से वृद्धा की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू हो गई। जनता दर्शन में मौजूद लोगों ने प्रशासन की संवेदनशीलता की सराहना की, जबकि मराछी देवी ने राहत मिलने पर जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया।